-
Rohtas# रोहतास: तिलौथू प्रखंड में स्वास्थ्य जागरूकता रथ को मिली हरी झंडी, बीपी और शुगर जांच शिविरों का आयोजन।
-
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्र तिलौथू में वृक्षारोपण व सफाई अभियान संपन्न।
-
13 बिहार बटालियन एनसीसी के कैंप में विविध प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन।
-
तिलौथू प्रखंड के विद्यालयों में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस।
आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत तिलौथू प्रखंड में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने डायबिटीज और बीपी जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसके तहत सभी पंचायतों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल के तहत तिलौथू प्रखंड के सभी पंचायतों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन हो रहा है, जहां 30 वर्ष से अधिक उम्र के महिला और पुरुषों की बीपी और शुगर की जांच की जा रही है। इन स्वास्थ्य शिविरों में जीविका, आशा, एनम और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मिलकर जागरूकता फैला रहे हैं। आज के शिविरों का आयोजन कृपा, चंदनपुरा और तिलौथू पूर्वी पंचायत में किया गया। यहां बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने अपनी जांच करवाई। प्रखंड विकास पदाधिकारी अंकित जैन ने तीनों पंचायतों का दौरा कर शिविरों का निरीक्षण किया और अधिक से अधिक लोगों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पंचायत का निर्माण हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए जागरूकता बहुत आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान पीरामल फाउंडेशन के अरविंद कुमार ने भी समुदाय के लोगों से बातचीत की और विभागों के साथ मिलकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया। पंचायत के मुखियाओं को भी इस अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया गया ताकि कोई भी 30 वर्ष से अधिक उम्र का व्यक्ति जांच से वंचित न रहे।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्र तिलौथू में वृक्षारोपण व सफाई अभियान संपन्न।
स्वच्छता ही सेवा 2024 अभियान के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिलौथू परिसर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान का थीम “स्वभाव स्वच्छता – संस्कार स्वच्छता” रखा गया है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दयानंद प्रसाद, प्रबंधक अमरेंद्र कुमार, डॉ. प्रभात कुमार, बीसीएम निक्की कुमारी, स्वास्थ्य प्रशिक्षक सखेंद्र चौधरी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। इस दौरान एनसीसी कमांडर सुधीर कुमार और एनसीसी कैडेट्स के सहयोग से वृक्षारोपण किया गया और अस्पताल परिसर की सफाई की गई। साथ ही, कैडेट्स को हाथों की स्वच्छता और सफाई के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अस्पताल के सफाई कर्मियों का स्वास्थ्य जांच भी किया गया, और उन्हें आयुष्मान कार्ड के लाभों के बारे में जानकारी दी गई। जिन सफाई कर्मियों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं थे, उनके कार्ड बनवाने का निर्देश दिया गया। एनसीसी छात्र-छात्राओं के बीच ग्लूकोज का भी वितरण किया गया।
13 बिहार बटालियन एनसीसी के कैंप में विविध प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन।
राधा शांता कॉलेज, तिलौथू में 13 बिहार बटालियन एनसीसी के सीएटीसी- आठ कैंप के अंतर्गत 14 सितंबर 2024 को विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया गया। सबसे पहले सभी कैडेट्स को सुबह पीटी और ड्रिल अभ्यास कराया गया। मेजर अशोक कुमार, एआरओ गया ने कैडेट्स को भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया और अग्निवीर योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को सेना में शामिल होकर अफसर बनने और देश की सेवा करने के महत्व को समझाया। इसके बाद, फलेरिया जागरूकता अभियान के तहत रैली का आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने क्षेत्रीय जनता को फलेरिया बीमारी की जानकारी दी और इसके रोकथाम के उपाय बताए। अजीत कुमार सिंह ने आपदा प्रबंधन के दौरान कैडेट्स की भूमिका पर सत्र आयोजित किया, वहीं पीआई स्टाफ ने बंकर ब्रास्टिंग ड्रिल के माध्यम से युद्ध के समय दुश्मन के बंकरों को नष्ट करने के तरीके सिखाए। संध्या समय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ। कैंप कमांडेंट कर्नल राजकुमार सिंह ने सभी प्रशिक्षण गतिविधियों की सराहना की और एआरओ गया के मेजर अशोक कुमार को सम्मानित किया।
तिलौथू प्रखंड के विद्यालयों में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस।
तिलौथू प्रखंड के सभी विद्यालयों में हिंदी दिवस का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिंदी के महत्व को समझने और प्रचारित करने के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रधानाध्यापक और शिक्षकगण ने छात्रों के साथ हिंदी भाषा के महत्व पर चर्चा की और उन्हें इसके संरक्षण व संवर्धन के प्रति जागरूक किया।
मध्य विद्यालय भिसडा में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने दौरा किया और बच्चों से बातचीत करते हुए हिंदी दिवस मनाने का उद्देश्य समझाया। उन्होंने बताया कि हिंदी दिवस हमारे लिए गौरव का प्रतीक है और हमें हिंदी को अपने जीवन में अपनाते हुए इसे आगे बढ़ाना चाहिए। साथ ही, उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे हिंदी के माध्यम से अपने कौशल का विकास करें।
पीरामल फाउंडेशन के अरविंद कुमार ने भी इस अवसर पर बच्चों से संवाद किया और हिंदी साहित्य, कविताओं एवं कहानियों के माध्यम से हिंदी दिवस का महत्व समझाया। उन्होंने छात्रों को हिंदी भाषा के प्रति प्रेम और सम्मान को बढ़ावा देने की प्रेरणा दी